नवीनतम पोस्ट

Sunday, April 18, 2010

अब ख़ुशी है न कोई दर्द रुलाने वाला... - ab khushi hai na koi dard rulaane wala

अब ख़ुशी है न कोई दर्द रुलाने वाला,
हमने अपना लिया हर रंग ज़माने वाला,

उसको रुख़्सत तो किया था, मुझे मालूम न था,
सारा घर ले गया, घर छोड़ के जाने वाला,

इक मुसाफ़िर के सफ़र जैसी है, सब की दुनिया,
कोई जल्दी में, कोई देर से जाने वाला,

एक बे-चेहरा सी उम्मीद है, चेहरा-चेहरा,
जिस तरफ़ देखिए आने को है आने वाला,

दूर के चाँद को ढूँढो न किसी आँचल में,
ये उजाला नहीं आँगन में समाने वाला.

Monday, January 18, 2010

न शिवाले न कलीसा न हरम झूठे हैं. - na shivale na kaleesa na haram jhoothe hain

न शिवाले न कलीसा न हरम झूठे हैं,
बस यही सच है के तुम झूठे हो हम झूठे हैं,

हमने देखा ही नहीं बोलते उनको अब तक,
कौन कहता है के पत्थर के सनम झूठे हैं,

उनसे मिलिए तो ख़ुशी होती है उनसे मिलकर,
शहर के दूसरे लोगों से जो कम झूठे हैं,

कुछ तो है बात जो तहरीरों में तासीर नहीं,
झूठे फ़नकार नहीं हैं तो क़लम झूठे हैं.

Friday, December 25, 2009

वो दिल ही क्या... - wo dil hi kya...

वो दिल ही क्या तेरे मिलने की जो दुआ ना करे,
मैं तुझको भूल के जिंदा रहूँ, खुदा ना करे.

रहेगा साथ तेरा प्यार ज़िन्दगी बनकर,
ये और बात, मेरी ज़िन्दगी वफ़ा ना करे.

सुना है उसको मुहब्बत दुआए देती है,
जो दिल पे चोट खाए मगर गिला ना करे.

ये ठीक है नहीं मरता कोई जुदाई में,
खुदा किसी को किसी से मगर जुदा ना करे.

खुदा किसी को किसी पर फ़िदा ना करे,
अगर करे तो क़यामत तलक जुदा ना करे.
(ये शेर जगजीत जी ने रिकॉर्ड नहीं किया है)


(Sung By Jagjit Singh)


(sung by Anup Jalota)